पिथौरागढ़। सीमांत जिले में राजकीय विश्वविद्यालय खोलने की मांग जोर पकड़ने लगी है। छात्र नेताओं ने इस संबंध का एक मांग पत्र प्रदेश के उच्च शिक्षामंत्री को भेजा है।
पीजी कालेज पिथौरागढ़ के छात्र संघ अध्यक्ष राकेश जोशी, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष महेंद्र रावत और पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष एवं जनमंच के संयोजक भगवान रावत ने कहा है कि पिथौरागढ़ जनपद चीन और नेपाल की अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं से लगा है। यहां पर अच्छी शिक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण लगातार पलायन हो रहा है।
अधिकांश लोग आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण अपने बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए देहरादून या अन्य महानगरों में नहीं भेज पाते हैं। उन्होंने कहा है कि कुमाऊं के अन्य जनपदों में तमाम राष्ट्रीय स्तर के शिक्षण संस्थान हैं जबकि पिथौरागढ़ इससे वंचित है। पिथौरागढ़ महाविद्यालय में 7500 से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। अधिक छात्र संख्या और सीमित संसाधनों के कारण शैक्षिक गुणवत्ता बुरी तरह से प्रभावित हो रही है। ज्ञापन भेजने वालों में किशोर जोशी और मुकेश चंद आदि छात्र भी शामिल थे। ब्यूरो