पिथौरागढ़। मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय से प्राप्त सूचना के अनुसार 11 जनवरी को सुबह 9 बजे से केएनयू राजकीय इंटर कॉलेज पिथौरागढ़ में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह रोजगार मेला सेवायोजन कार्यालय एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के समन्वय से आयोजित किया जाएगा।
रोजगार मेले में सिडकुल पंतनगर, सितारगंज, देहरादून और अन्य राज्यों के औद्योगिक संस्थानों को प्रतिभाग के लिए आमंत्रित किया गया है। हाईस्कूल से कम, हाईस्कूल, इंटर उत्तीर्ण, आईटीआई, पॉलीटेक्निक, इंजीनियरिंग, एचएम, नर्सिंग, कंप्यूटर ऑपरेटर को कौशल प्रशिक्षण के साथ-साथ रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
सीडीओ वंदना ने बताया कि आवेदन पत्र सभी विकासखंड कार्यालयों, आईटीआई, डिग्री कॉलेजों और जिला सेवायोजन कार्यालय पिथौरागढ़ में उपलब्ध हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने इच्छुक अभ्यर्थियों से रोजगार मेले में प्रतिभाग करने की अपील की है।