झूलाघाट (पिथौरागढ़)। गुरु पूर्णिमा पर महिलाओं ने भव्य कलश यात्रा निकाली। महिलाओं ने महाकाली नदी का पानी लेकर लाटेश्वर मंदिर से यात्रा शुरू की। यात्रा के साथ चल रहे भक्त हरे राम हरे कृष्ण का जाप कर रहे थे।
महेशानी मंदिर पहुंचने के बाद महिलाओं ने भगवान शिव की मूर्ति का जलाभिषेक किया। गुरु पूर्णिमा पर्व की पूर्व संध्या पर रामायण पाठ का शुभारंभ किया गया। महेशानी मंदिर में वर्षों से शाम की आरती के बाद रामायण पाठ किया जाता रहा है। कार्यक्रम में पं. तोयराज पंत, गंगा दत्त पंत, हरि रावल, जीवन भट्ट, ब्रजेश गड़कोटी, हरीबल्लभ भट्ट, राहुल भट्ट, निमिश जोशी, दिनेश गड़कोटी, चंद्री चंद, हेमंत पंगरिया, शंकर भट्ट, कीर्ति पंगरिया, डब्बू गड़कोटी, भुवन भट्ट आदि थे।
गुरु पूर्णिमा पर हुआ हवन-यज्ञ
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। गुरु पूर्णिमा पर्व पर बैकुंठ धाम गीता योग सेंटर में हवन-यज्ञ और पूजा-अर्चना की गई। इस मौके पर सत्संग का भी आयोजन किया गया। सेंटर में मैनेजिंग ट्रस्टी डीएस पांगती ने सुबह पूजा-पाठ की। इसके बाद हवन किया गया। सत्संग के बाद भंडारे का आयोजन किया गया। उधर, थल में भी श्रद्धालुओं ने रामगंगा में डुबकी लगाकर बालेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना की। जौलजीबी के हंसेश्वर मठ में भी श्रद्धालुुओं ने शीश नवाया।
गुरु नानक जयंती पर हुए शबद कीर्तन
पिथौरागढ़। गुरु नानक जयंती जिले भर में धूमधाम से मनाई गई। इस दौरान शबद-कीर्तन और लंगर आयोजित किए गए। सैन्य क्षेत्र में स्थित गुरुद्वारे में श्रद्धालुओं ने मत्था टेका और गुरु नानकदेव को नमन किया। साथ ही उनकी शिक्षा को अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया। शबद कीर्तन के बाद गुरुद्वारे में लंगर का आयोजन हुआ। सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस आयोजन में सेना की सिख रेजीमेंट के जवान भी शामिल हुए।