पिथौरागढ़। घाट पंपिग योजना का पाईप फटने के कारण नगर के कई हिस्सों में सोमवार को पानी नहीं आया। लोगों ने स्टेंड पोस्टों से पानी की आपूर्ति की। लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
रविवार सुबह से हो रही भारी बारिश के चलते टनकपुर-पिथौरागढ़ मार्ग का मलबा घाट पंपिंग योजना की पाइप लाइन पर गिर गया। इससे गुरना से हनुमान मंदिर तक दो जगह पाइप लाइन फट गई। इस कारण नगर के टकाना, सिनेमा लाईन, जागृती कॉलोनी और जीआईसी में पानी नहीं आया। जगदंबा कॉलोनी, पुनेड़ी और बजेटी में सुबह 10 बजे बाद पानी आ गया था। जिन इलाकों में पानी नहीं आया वहां के पितरोटा, पुरानी बाजार और लिंक रोड में स्टेंड पोस्ट चालू कर दिए थे।
ठूलीगाड़ योजना से पानी मिलने के कारण नगर के अन्य हिस्सों में पानी चालू कर दिया था। जल संस्थान की टीम को एक जगह फॉल्ट मिला। जल संस्थान के सहायक अभियंता दिनेश जोशी के नेतृत्व में एक टीम क्षतिग्रस्त लाईन को ठीक करने के लिए निकली। मंगलवार से जलापूर्ति सुचारु होने की उम्मीद है।