डीडीहाट (पिथौरागढ़)। कैलाश मानसरोवर यात्रा के पहले दल के यात्री मानसरोवर की परिक्रमा कर तकलाकोट लौट आए हैं। दूसरे दल के यात्रियों ने कैलाश की परिक्रमा शुरू कर दी है। तीसरे दल के यात्री अभी नाभीढांग में हैं, जबकि चौथा दल गुंजी में है।
आईटीबीपी सातवीं वाहिनी मिर्थी से मिली जानकारी के अनुसार पहले दल के यात्री परिक्रमा पूरी कर तकलाकोट पहुंच गए हैं। बृहस्पति को पहले दल के यात्री भारत में और तीसरे दल के सदस्य चीन में प्रवेश करेंगे। तीसरे दल के यात्रियों को आईटीबीपी सुरक्षा दस्ता, मेडिकल और संचार की टीम चीनी सुरक्षा एजेंसी के सुपुर्द करेगी। ठीक उसी समय पहले दल के यात्रियों को चीन की सुरक्षा एजेंसी आईटीबीपी को सौंपेगी। चौथे दल के यात्री बृहस्पतिवार केे गुंजी से नाभीगांव पहुंचेंगे। कैलाश यात्रियों को इस वर्ष से उच्च हिमालयी क्षेत्र के वातावरण के अनुकूल खुद को सक्षम बनाने के लिए नाभीगांव ले जाया जा रहा है। शुक्रवार को चौथे दल के यात्रियों का गुंजी में स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। परीक्षण में स्वस्थ पाए जाने पर यात्रियों को आगे की यात्रा की अनुमति दी जाएगी।