पिथौरागढ़। हाइकोर्ट की ओर से साहसिक खेलों में लगाई गई रोक से पिथौरागढ़ जिले में पैराग्लाइडिंग और राफ्टिंग की गतिविधियां बंद हो जाएंगी। यदि प्रदेश सरकार जल्दी ठोस नीति नहीं बना सकी तो सैकड़ों लोगों की रोजी-रोटी पर संकट मंडरा जाएगा।
साहसिक खेलों के लिए प्रदेश का पिथौरागढ़ जिला सबसे उपयुक्त है। यहां पर वर्तमान में पैराग्लाइडिंग, पैरासीलिंग, राफ्टिंग, माउंटेन बाइकिंग, ट्रेकिंग, माउंटेनिंग सहित तमाम साहसिक खेलों का आयोजन होता है। हाल के वर्षों में इन साहसिक खेलों की ओर पर्यटकों का रुझान बढ़ने से हजारों लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार भी दिया है। पर्यटन को बढ़ावा देने को लेकर साहसिक खेलों की गतिविधियों को संचालित करने वाले राजू देवलाल आदि का कहना है कि साहसिक खेलों को लेकर ठोस नीति बनानी जरूरी है। रीवर राफ्टिंग और पैराग्लाइडिंग को लेकर यदि शासन स्तर से कानून बनता है तो इसका फायदा संचालकों के साथ ही पर्यटकों को भी मिलेगा। ट्रेंड प्रशिक्षक होने से पर्यटकों की सुरक्षा होगी और पर्यावरणीय सुरक्षा का भी ध्यान रखा जाएगा। शासन स्तर से जल्दी कानून बनना चाहिए ताकि लंबे प्रतिबंध से साहसिक खेलों से जुड़े लोगों पर किसी तरह का संकट न आए।
काली-रामगंगा नदी में होती है राफ्टिंग
पिथौरागढ़। यहां की काली और रामगंगा नदी राफ्टिंग के लिए उपयुक्त हैं। कुमांऊ मंडल विकास निगम द्वारा हर साल इन नदियों में राफ्टिंग की जाती है। स्कूली छात्र-छात्राओं और युवाओं को राफ्टिंग का प्रशिक्षण भी दिया जाता है। हाल के वर्षों में राफ्टिंग के लिए पर्यटकों का रुझान भी बढ़ा है। इससे निगम की आय के स्रोत बढ़े हैं।
पिथौरागढ़ में हुई है इंटरनेशनल पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ जिला पैराग्लाइडिंग के लिए पूरे प्रदेश में सर्वाधिक मुफीद है। जिले में सौड़लेख से पैराग्लाइडिंग होती है। जिले में दो वर्ष पूर्व इंटरनेशनल स्तर की पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता भी हो चुकी है। इसमें फ्रांस, जर्मनी और यूएसए सहित विभिन्न क्षेत्रों के 22 पैराग्लाइडर पायलटों ने हिस्सा लिया था।
-कुमांऊ में रीवर राफ्टिंग ने प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सैकड़ों लोगों को रोजगार दिया है। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है। यदि साहसिक खेलों पर लंबऱ्े समय तक प्रतिबंध लगा तो सभी बेरोजगार हो जाएंगे। सरकार को जल्दी इस पर ठोस नीति बनानी चाहिए।
- दिनेश गुरुरानी
अध्यक्ष, कुमाऊं एडवेंचर स्पोर्ट्स एसोसिएशन पिथौरागढ़।