झूलाघाट (पिथौरागढ़)। सीमांत क्षेत्र झूलाघाट से पहली बार एक युवक का एनडीए में चयन हुआ है। सीमित संसाधनों के बावजूद देश की सेना में चयन होने पर क्षेत्र के लोगों में खुशी है। व्यापार संघ ने युवक के झूलाघाट आगमन पर स्वागत करने का निर्णय लिया है।
नेपाल सीमा पर बसे झूलाघाट कस्बे के लवदेव भट्ट के सबसे छोटे पुत्र कौशल भट्ट का नेशनल डिफेंस एकेडमी में चयन हुआ है। 8 फरवरी को भोपाल में साक्षात्कार में सफल होने के बाद 10 फरवरी को कौशल चिकित्सा परीक्षण में भी फिट पाया गया।
कौशल ने कक्षा 8 तक की शिक्षा झूलाघाट के एमकेबीएस में ग्रहण करने के बाद हाइस्कूल और इंटरमीडिएट की शिक्षा पिथौरागढ़ के मल्लिकार्जुन स्कूल में प्राप्त की। कौशल ने अपनी सफलता का श्रेय माता, पिता, शिक्षकों और अपनी दीदी पिंकी को दिया है।