पिथौरागढ़। सेना दिवस और गणतंत्र दिवस के मौके पर सेना की ओर से यहां ‘अपनी सेना को जानिए’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 14 और 15 जनवरी को देवसिंह मैदान में सेना मेले का आयोजन होगा। इसमें हथियार और अन्य उपकरण रखे जाएंगे। उसी दिन धारचूला सैन्य क्षेत्र में भी इसी तरह के मेले का आयोजन होगा। इस दौरान बैंड वादन होगा और विभिन्न प्रकार के स्टाल लगाए जाएंगे।
सेना की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि युवाओं को राष्ट्रीय एकता के प्रति प्रेरित करने, देशभक्ति की भावना बढ़ाने और सेना के प्रति उनकी जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष रूप से यह कार्यक्रम होगा। 14 और 15 जनवरी को युद्ध स्मारक में शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। विज्ञप्ति में कहा गया है कि पंचशूल ब्रिगेड की ओर से 20 जनवरी को देवसिंह मैदान में मिनी मैराथन का आयोजन होगा। सेना की ओर से इन कार्यक्रमों की व्यापक तैयारी की जा रही है।