पिथौरागढ़। नगर के करीब एक चौथाई हिस्से में नए साल के पहले ही दिन तीन घंटे की बिजली कटौती हो गई। ठीक सुबह पांच बजे से आठ बजे तक हुई कटौती के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बताया गया है कि घंटाकरण से चंडाक जाने वाली बिजली लाइन का एक तार जमीन के काफी करीब आ गया था। किसी प्रकार की घटना न हो इसे देखते हुए उस इलाके की बिजली काट दी गई। बाद में तार को सही ढंग से लगाने के बाद बिजली आपूर्ति सुचारु हुई।
ऊर्जा निगम के उपखंड अधिकारी वीके बिष्ट ने बताया कि लाइन की मरम्मत के लिए शटडाउन लेना पड़ा था। कुछ लोगों ने तड़के यह जानकारी दी थी कि पर्यटक आवासगृह के पास बिजली का एक तार जमीन के करीब झूल रहा है। किसी प्रकार का खतरा न हो इसे देखते हुए बिजली की आपूर्ति कुछ देर के लिए बंद कर दी गई थी। उन्होंने बताया कि बाद में आपूर्ति सामान्य हो गई और लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई।