कनालीछीना (पिथौरागढ़)। कनालीछीना के पोस्टआफिस में तीन महीने से इंटरनेट काम नहीं कर रहा है। इस कारण लेनदेन प्रभावित हो गया है। पोस्टआफिस की अव्यवस्थाओं से परेशान खाताधारकों ने अब आंदोलन की चेतावनी दी है।
ग्राम प्रधान संगठन की अध्यक्ष जानकी उपाध्याय, प्रधान किशोर पंत, सामाजिक कार्यकर्ता नारायण दत्त कापड़ी, खाताधारक उमेद कुमार, दानी राम, दीपक जोशी, सुंदर सिंह, ममता देवी आदि ने डाक अधीक्षक को भेजे पत्र में पोस्टआफिस की अव्यवस्थाओं पर रोष जताया है। कहा है कि तीन महीने से पोस्टआफिस में इंटरनेट काम नहीं कर रहा है।
इस कारण पोस्टआफिस में लेनदेन नहीं हो रहा है। समाज कल्याण विभाग के पेंशनर, मनरेगा मजदूरों के साथ ही पोस्टआफिस के आम खाताधारक बेहद परेशान हो गए हैं। आरडी जमा करने के लिए पिथौरागढ़ जाना पड़ रहा है। कहा है कि कनालीछीना पोस्टआफिस के अधीन 14 ब्रांच पोस्टआफिस हैं। ब्रांच पोस्टआफिस भी इससे प्रभावित हो गए हैं।
इन लोगों ने एक हफ्ते में व्यवस्थाओं में सुधार न होने पर पोस्टआफिस में तालाबंदी करने के साथ ही आमरण अनशन शुरू करने की चेतावनी दी है। उधर, डाक अधीक्षक जेसी भट्ट का कहना है कि बिजली की वोल्टेज अधिक होने से उपकरण फुंक रहे हैं। इसमें सुधार किया जा रहा है। शीघ्र व्यवस्था दुरुस्त हो जाएगी।