थल (पिथौरागढ़)। थल-सातशिलिंग मार्ग पर थल बाजार में करीब 500 मीटर सड़क पर हॉटमिक्स न करने से हो रही परेशानी को लेकर मंगलवार को लोगों ने एडीबी निर्माण खंड के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने मांग की कि इस सड़क के लिए पूर्व आयुक्त डी सैंथिल पांडियन ने जांच के जो आदेश दिए थे, उसे सार्वजनिक किया जाए। इस सड़क के सुधारीकरण के काम में एडीबी ने 44 करोड़ रुपये की राशि खर्च की थी, लेकिन मुख्य कस्बों पर सड़क की दशा नहीं सुधारी गई।
थल में बेहद खराब हो चुकी इस सड़क से बरसात का पानी और कीचड़ लोगों के घरों में पहुंच रहा है। वाहन चलाने और पैदल चलने में लोगों को भारी दिक्कत हो रही है। पहले भी लोगों ने सड़क पर हॉटमिक्स करने की मांग उठाई थी, लेकिन पिछले तीन साल से अधिकारी लोगों को गुमराह करते जा रहे हैं। सबसे खास बात यह है कि सड़क की दशा सुधारने की मांग को लेकर लोग अब तक दस बार प्रदर्शन कर चुके हैं।
इस सड़क से जिला स्तर के कई अधिकारी और मंत्री दौरा कर चुके हैं, लेकिन किसी ने भी सड़क की दशा सुधारने के आदेश नहीं दिए। स्थानीय लोगों ने कहा कि अब यह मामला जिलाधिकारी सी रविशंकर के सामने रखा जाएगा। प्रदर्शन में गोविंद भट्ट, कृष्णा भंडारी, हिम्मत राम, नवीन चंद्र, रिंकू कुमार, कुंदन मेहता, हयात राम, दान सिंह बिष्ट आदि शामिल हुए।