यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बिजली कटौती को लेकर बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता के कार्यालय में प्रदर्शन किया।
युवक कांग्रेस के विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष ऋषेंद्र महर के नेतृत्व में ऊर्जा निगम के कार्यालय पहुंचे कार्यकर्ताओं ने बिजली कटौती के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। महर ने कहा कि नगर में समय-समय पर बिजली कटौती की जा रही है। कब बिजली चली जाए, इसका कोई पता नहीं रहता है। बिजली कटौती से नगर के लोग परेशान हो गए हैं। सुबह ठीक स्कूल जाते समय बिजली गुल हो जाती है। जिससे बच्चों को स्कूल के लिए तैयार करने में दिक्कतें आती है। इसका असर व्यावसायिक गतिविधियों पर भी पड़ रहा है।
युवक कांग्रेस के लोकसभा क्षेत्र महासचिव करन सिंह ने कहा कि बिजली कटौती का असर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में लगे युवाओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग अघोषित बिजली कटौती बंद नहीं करता है तो युवक कांग्रेस आंदोलन छेड़ देगा। प्रदर्शन में हरीश जोशी, आनंद धामी, कमलेश कसन्याल, पारस महर, सुनील कुमार, कमल भंडारी, करन लाबट, अमित जोशी, प्रकाश देवली आदि शामिल थे।