कृषि लोन माफ करने का प्रस्ताव
मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। क्षेत्र पंचायत समिति मुनस्यारी की बैठक में बुधवार को प्रधानों एवं सदस्यों ने कृषि लोन माफ करने का प्रस्ताव रखा और इस प्रस्ताव को क्षेत्र समिति ने मंजूरी दे दी। बैठक में विशेष तौर पर उपस्थित राज्यसभा सदस्य प्रदीप टम्टा ने जनता से जुड़े कई मुद्दे उठाए। उन्होंने आश्चर्य जताते हुए कहा कि मुनस्यारी, बंगापानी और तेजम की तहसीलों का संचालन पटवारियों के हाथों में सौंप रखा है। इन तीनों तहसीलों में एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदार नहीं हैं।
ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष हरीश उप्रेती ने कहा कि जिले के सभी किसानों के कृषि लोन माफ किए जाएं। बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, पानी, बिजली, मनरेगा के मुद्दे भी जोरशोर से उठे। मनरेगा में काम करने वाले मजदूरों को न तो काम मिल रहा है और न भुगतान ही मिल पा रहा है। लोनिवि की लापरवाही पर सभी सदस्यों ने सवाल उठाते हुए कहा कि लोनिवि ने सड़कों के किनारे मलबे के ढेर लगा दिए हैं। यह मलबा खेतों और गांवों में पहुंच रहा है। नई सड़कों के निर्माण के समय मलबे से कई जगह खेत बर्बाद हो गए हैं। मकानों को खतरा हो गया है। इसका सर्वे कर प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की मांग उठाई गई।
ब्लॉक प्रमुख नरेंद्र रावत की अध्यक्षता में हुई बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आशीष चौहान मौजूद रहे। सीडीओ ने सदस्यों को आश्वासन दिया कि समस्याओं के समाधान के प्रयास किए जाएंगे। बैठक में एसडीएम विवेक प्रकाश, सदस्य ईश्वर कोरंगा, धर्मेंद्र सिंह समेत सभी प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य मौजूद रहे।