झूलाघाट (पिथौरागढ)। सीमांत कस्बे झूलाघाट की संचार व्यवस्था शुक्रवार रात से ठप हो गई है। इस कारण क्षेत्र के सौ से भी अधिक लैंडलाइन फोन बंद हो गए हैं। बार-बार संचार व्यवस्था में व्यवधान होने से क्षेत्र के लोगों में विभाग के नाराजगी है।
मूनाकोट ब्लॉक से लगे गांवों की संचार व्यवस्था एक महीने में तीसरी बार ठप हो चुकी है। शुक्रवार रात से झूलाघाट के सौ से भी अकि लैंडलाइन फोन और मोबाइल सेवा बंद हैं। लैंडलाइन फोन खराब होने से इंटरनेट भी काम नहीं कर रहा है। इससे व्यापारियों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। व्यापारियों को जीएसटी जमा करने में, कस्टम विभाग को ऑनलाइन व्यापार दर्शाने में दिक्कत हो रही है। साथ ही लोग गैस की बुकिंग नहीं कर पा रहे हैं।
इंटरनेट नहीं होने से आयुष्मान कार्ड भी नहीं बन पा रहे हैं। बीएसएनएल की खराब सेवाओं से तंग आकर गौड़ीहाट के व्यापारियों ने अपने मोबाइल को निजी कंपनियों के मोबाइल में पोर्ट करना भी शुरू कर दिया है। क्षेत्र के लोगों ने दूरसंचार विभाग के अधिकारियों से व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की मांग की है। इस बारे में विभाग के एसडीओ, जेटीओ से जब बात करनी चाही तो किसी भी अधिकारी ने फोन रिसीव नहीं किया।