गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर विजयी जयश्री को ससुर ललित पाठक के राजनीतिक अनुभवों का लाभ मिला। साथ ही उन्हें विधायक मीना गंगोला का भी पुरजोर समर्थन मिला। हालांकि भाजपा ने चार वार्डों में भी सभासद पद के प्रत्याशी खड़े किए थे, लेकिन इनमें से कोई भी जीत दर्ज नहीं कर पाया।
जयश्री ने पिछले काफी दिनों से चुनाव की तैयारी शुरू कर दी। उनके ससुर ललित पाठक पूर्व में गंगोलीहाट ब्लॉक प्रमुख रहे हैं। शांत, मिलनसार स्वभाव और ईमानदार नेताओं में उनकी गिनती होती है। भाजपा ने अध्यक्ष पद पर पूरी ताकत झोंक रखी थी। जयश्री समेत चारों उम्मीदवारों को अपने गृह क्षेत्र का भी अच्छा लाभ मिला। जयश्री पठक्यूड़ा, कांग्रेस की सुनीता रावल पुनौली, बाजार वार्ड, भाजपा की बागी निर्दलीय गीता बोहरा हनेरा, लाली और बिमला रावल रावल गांव वार्ड से आगे रहीं।
बगावत के बावजूद भाजपा कार्यकर्ता एकजुुट रहे और इसका लाभ जयश्री को मिला। जयश्री ने मतदाताओं का आभार जताते हुए उन्हें आश्वस्त किया है कि सबका साथ-सबका विकास की तर्ज पर वह कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि नगर के विकास के लिए उन्होंने जो घोषणाएं की हैं उन्हें प्राथमिकता से पूरा करेंगी। उनके नगर पंचायत अध्यक्ष चुने जाने पर विधायक मीना गंगोला ने शुभकामनाएं दी हैं।