धारचूला (पिथौरागढ़)। धारचूला देहात ग्राम सभा थामू में प्रशासन की ओर से जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्रामीणों ने पेयजल समस्या के साथ ही पीएमजीएसवाई पर सड़क कटिंग में मनमानी का आरोप लगाया।
प्राथमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्र प्रमुख राधा बिष्ट ने किया। ग्रामीणों ने कहा कि गांव में शौचालय नहीं होने से उन्हें दिक्कतें हो रही हैं। उन्होंने दो सार्वजनिक शौचालय बनाने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि पीएमजीएसवाई द्वारा अनियंत्रित ढंग से की जा रही कटिंग से कई घरों में दरारें आ गई हैं। प्रधान चंद्र सिंह ने कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि ग्रामीणों की सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। यदि इसके बाद भी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं हुआ तो मामले को उच्च स्तर पर रखा जाएगा। इस दौरान एसडीएम आरके पांडेय, कानूनगो मनोहर अवस्थी, क्षेपंस रुकुम सिंह बिष्ट, व्यापार संघ अध्यक्ष भूपेंद्र थापा, खड़क सिंह, जीवन धामी, भूपाल बम, खड़क सिंह, गोपाल दानू आदि थे।