पिथौरागढ़। शुक्रवार रात और शनिवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश से धारचूला-रांथी और डीडीहाट-दूनाकोट सड़कों पर मलबा आ गया। बारिश से रामगंगा सहित अन्य नदियां उफान में आ गईं। शनिवार सुबह आए तेज अंधड़ व बारिश से शेराघाट मोटर मार्ग पर सड़क पर पेड़ गिर गया। इससे यातायात घंटों तक ठप रहा।
शुक्रवार रात धारचूूला, मुनस्यारी और डीडीहाट क्षेत्र में बारिश हुई। बारिश से नाले और नदियां उफान पर आ गईं। धारचूला-रांथी, डीडीहाट-दूनाकोट सड़कों में मलबा आ गया। सड़कों के बंद होने से शनिवार सुबह वाहनों का संचालन नहीं हो सका, अपराह्न बाद दोनों सड़कों को यातायात के लिए खोल दिया है। गणाईगंगोली क्षेत्र में अंधड़ से एक पेड़ शेराघाट के पास सड़क पर गिर गया। पेड़ गिरने से घंटों तक यातायात ठप रहा। बाद में सड़क से पेड़ हटाने पर यातायात सुचारु हो सका। धारचूला में 57 एमएम और मुनस्यारी 40 एमएम बारिश रिकार्ड की गई। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से रामगंगा, काली, गोरी सहित अन्य नदियों का जल स्तर बढ़ गया है।