पिथौरागढ़। भारत सरकार की ओर से संचालित राष्ट्रीय गोकुल मिशन योजनांतर्गत पर्वतीय एवं पूर्वोत्तर राज्यों की श्रेणी में कृत्रिम गर्भाधान कार्यकर्ता वर्ग में जिले को पहला और दूसरा पुरस्कार मिला है। इससे पशुपालन विभाग के साथ ही पशुपालकों में भी खुशी है।
विश्व दुग्ध दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह एवं कृषि राज्य मंत्री कृष्णा तीरथ ने पशु चिकित्साधिकारी सदर डॉ. मनोज जोशी को प्रथम और पशु चिकित्साधिकारी मूनाकोट डॉ. लाल सिंह सामंत को द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित किया। डॉ. सामंत ने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से स्वदेशी पशुओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए गोकुल मिशन योजनांतर्गत प्रतियोगिता कराई गई थी।
पुरस्कार के रूप में डॉ. जोशी को 51 हजार और डॉ. सामंत को 21 हजार रुपये की धनराशि एवं प्रशस्ति पत्र दिया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के सचिव पशुपालन डॉ.आर मीनाक्षी सुंदरम, निदेशक डॉ.केके जोशी, अधिशासी अधिकारी यूएलडी डॉ. एमएस नयाल आदि मौजूद रहे।