पिथौरागढ़। देहरादून पुलिस के जुुल्म के खिलाफ पिथौरागढ़ के युवक का आमरण अनशन जारी है। अस्पताल में भर्ती होने के बाद भी अनशनकारी ने अन्न-जल और दवा का बहिष्कार किया। हालांकि गिरते स्वास्थ्य को देखते हुए अनशनकारी को जबरन ग्लूकोज चढ़ाया गया।
शुक्रवार को जिला अस्पताल में दूसरे दिन भी बंगापानी के सिलिंग गांव के मनोज कुुमार का आमरण अनशन जारी रहा। अनशनकारी ने अस्पताल द्वारा दिए गए भोजन और जल को ठुकरा दिया। साथ ही दवाएं भी नहीं खाई। इस बीच गिरते स्वास्थ्य को देखते हुए अनशनकारी के विरोध के बावजूद अस्पताल स्टाफ ने ग्लूकोज चढ़ाया। इधर, अनशन पर डटे मनोज ने इंसाफ न मिलने तक आमरण अनशन में डटे रहने का एलान दोहराया। साथ ही अब तक पुलिस प्रशासन और किसी जनप्रतिनिधि के सुध न लेने पर नाराजगी भी जताई।
बता दें कि पूर्व सीएम को बम से उड़ाने की धमकी मामले में दून पुलिस ने मनोज के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। उसे चार माह की जेल भी काटनी पड़ी। बाद में अदालत ने मनोज को दोषमुक्त करार दिया। इसके बाद से ही मनोज पुलिस जुल्म के खिलाफ आवाज उठाते हुए भरपाई की मांग कर रहा है। ब्यूरो