झूलाघाट (पिथौरागढ़)। दो दर्जन से अधिक गांवों को डाकसेवा देने वाले वड्डा डाकघर की इंटरनेट सेवा एक महीने से ठप है। इस कारण डाकघर में कोई भी काम नहीं हो पा रहा है। वहीं, इस अव्यवस्था से भड़के व्यापारियों और उपभोक्ताओं ने विभाग के खिलाफ आंदोलन की धमकी दी है।
वड्डा डाकघर से 17 शाखा डाकघरों को भी डाक भेजी जाती है। इंटरनेट सेवा ठप होने से पांच हजार खाताधारक परेशान हैं। डाकघर के खातों में न तो पैसा जमा हो पा रहा है और न निकासी हो पा रही है। कर्मचारियों ने बताया कि डाकघर में लगे मॉडम में एक माह पहले खराबी आ गई थी। तब से इंटरनेट सेवा ठप पड़ी है। कर्मचारियों ने इस समस्या की जानकारी डाक अधीक्षक को दे दी थी, लेकिन उनके स्तर से भी सेवा में सुधार के प्रयास नहीं किए गए।
लेलू, सुवाकोट, रियांसी, सन्न, जाखपंत, सिरकुच और बर्तियाकोट समेत आसपास के गांवों के लोग रोज डाकघर में पहुंच रहे हैं, लेकिन उनको मायूस लौटना पड़ रहा है। वड्डा निवासी व्यापार संघ के प्रदेश मंत्री विपिन पांडे और सामाजिक कार्यकर्ता सुरेश नगरकोटी ने कहा कि तीन दिन में इंटरनेट सेवा में सुधार नहीं हुआ तो व्यापारी उग्र आंदोलन करेंगे। वड्डा डाकघर में इस समय पोस्टमास्टर भी नहीं हैं।
पोस्टमास्टर पिछले महीने सेवानिवृत्त हो गए थे। उनके स्थान पर नई तैनाती नहीं हुई है। बीएसएनएल के उप मंडलीय अभियंता अरविंद कुमार ने बताया कि डाकघर की इंटरनेट सेवा किस कारण ठप हुई है, यह पता लगाया जाएगा। यदि नया मॉडम लगाना होगा तो उसे भी लगा दिया जाएगा।