पिथौरागढ़। इस तहसील के बांस गांव में एक युवती में स्वाइन फ्लू के लक्षण मिले हैं। युवती ने देहरादून के महंत इंद्रेश मेडिकल कॉलेज में इलाज शुरू किया, लेकिन इलाज पूरा होने से पहले ही वह अपने गांव लौट आई। स्वाइन फ्लू का मरीज गांव में पहुंचने से लोग दहशत में आ गए और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सूचना दी। डॉक्टरों की टीम ने बांस गांव जाकर युवती का स्वास्थ्य परीक्षण किया। अभी युवती घर पर ही है।
सीएमओ डा. उषा गुंज्याल ने बताया कि बांस गांव की युवती बबीता (21) पुत्री नवीन राम की तबियत खराब होने के कारण 28 अगस्त को देहरादून के महंत इंद्रेश अस्पताल में दिखाया गया था। डॉक्टरों ने मरीज को दवा दी और पांच दिन बाद फिर से स्वास्थ्य परीक्षण कराने को कहा, लेकिन बबीता अस्पताल जाने के बजाए सीधे अपने गांव लौट आई। सीएमओ के अनुसार बबीता को प्रथम स्टेज का ही स्वाइन फ्लू हुआ था।
उसे दवाओं से आराम हो रहा है। साथ ही परिवार के लोगों से कह दिया गया है कि वह मरीज की सही से देखभाल करें और अन्य लोगों को उसके संक्रमण में आने से बचाएं। सीएमओ ने इस बात की जानकारी जिलाधिकारी को भी दे दी है।