पिथौरागढ़। सीमांत जनपद में प्रादेशिक सेना में उमड़ी युवाओं की भीड़ के बाद बने हालात सामान्य होने लगे हैं। भर्ती में शामिल होकर 18,000 से अधिक युवा वापस अपने घर लौटे हैं। भीड़ कम होने से प्रशासन के साथ ही आम जन में राहत है। 10 वें दिन यूपी के युवाओं की भर्ती प्रक्रिया हुई। चार हजार से अधिक युवा भर्ती में शामिल हुए।
सीमांत जनपद में 12 से 27 नवंबर तक प्रादेशिक सेना भर्ती आयोजित हो रही है। नौवें दिन बीते बुधवार को यूपी के 20,000 से अधिक युवा भर्ती में शामिल होने पहुंचे तो हालात बिगड़ गए।
प्रशासन को उनके लिए वाहनों और रहने-खाने की व्यवस्था करने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। भर्ती स्थल में भी भीड़ अधिक होने से भगदड़ मच गई और भीड़ नियंत्रित करने के लिए सेना को युवाओं पर लाठियां फटकारनी पड़ी। भर्ती के बाद युवाओं के वापस लौटने का सिलसिला शुरू हुआ।
दो दिनों के भीतर 18,000 युवाओं की वापसी हुई तो हालात सामान्य हुए हैं। भीड़ कम होने से प्रशासन और सेना में राहत है। 80 से अधिक बस, 150 से अधिक टैक्सी युवाओं को वापस लेकर रवाना हुईं। एपीएस के पास बने अस्थायी बस स्टैंड में युवाओं की खासी भीड़ जुटी रही। भीड़ अधिक होने से बस में सीट पाने के लिए मारामारी रही। हालांकि पूरे दिन बस और टैक्सी की आवाजाही से युवाओं को खासी राहत मिली।
बृहस्पतिवार को भी यूपी के युवाओं की भर्ती प्रक्रिया जारी रही। हालांकि भर्ती में भीड़ सामान्य रही। चार हजार से अधिक युवा भर्ती रैली में शामिल हुए।
आज की भर्ती प्रक्रिया के लिए पहुंचे युवा
पिथौरागढ़। शुक्रवार को आयोजित होने वाली उत्तराखंड की भर्ती के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों से युवा पिथौरागढ़ पहुंचे। युवाओं ने प्रशासन की ओर से अधिग्रहण किए गए होटलों और स्कूलों को ठिकाना बनाया। उनके भोजन के लिए जगह-जगह लंगर लगे इससे उन्हें खासी राहत मिली। प्रशासन के मुताबिक 22 से 25 नवंबर तक होने वाली उत्तराखंड और झारखंड की भर्ती में भीड़ सामान्य रहने की उम्मीद है।
-
डीएम, एसपी ने बस स्टैंड पहुंचकर व्यवस्थाएं देखीं
पिथौरागढ़। डीएम विनोद गोस्वामी और एसपी रेखा यादव ने एपीएस पर बने बस स्टैंड पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम ने कहा कि युवाओं को लाने और वापस छोड़ने के लिए पर्याप्त वाहनों की व्यवस्था है। निजी स्कूल बसों का भी अधिग्रहण किया गया है। प्रशासन और विभिन्न संगठनों की तरफ से युवाओं के भोजन के लिए लंगर लगाए गए हैं। 19 से अधिक स्कूलों में युवाओं के ठहरने की व्यवस्था की गई है। ठंड से बचाव के लिए जगह-जगह अलाव जलाए जा रहे हैं। युवाओं को राहत पहुंचाने के लिए प्रशासन गंभीर है।
सेना भर्ती के चलते रोडवेज की 14 सेवाएं रहीं ठप
लोहाघाट (चंपावत)। पिथौरागढ़ में चल रही सेना की प्रादेशिक भर्ती के चलते जहां आम यात्रियों को दिक्कतें होने लगी हैं, वहीं भर्ती के लिए आए युवाओं को काफी राहत मिल रही है। रोडवेज की ओर से सेना भर्ती के लिए अधिकतर बसें भेजने के चलते राेडवेज के 14 रूटों पर बसों का संचालन ठप हो गया। इससे यात्रियों को काफी परेशानियां उठानी पड़ी।
रोडवेज के लोहाघाट डिपो से प्रतिदिन मैदानी क्षेत्र दिल्ली, गुरुग्राम, देहरादून, पांवटा साहिब, ऋषिकेश, बरेली, काशीपुर, हल्द्वानी, नैनीताल के लिए 15 रूटों पर बसों का संचालन होता था, भर्ती के चलते बृहस्पतिवार को 14 रूटों पर संचालन पूरी तरह से ठप हो गया। मात्र एक रूट पर ही बस का संचालन होने से यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
रोडवेज की एसएसआई दीपा वर्मा ने बताया कि पिथौरागढ़ में चल रही सेना की प्रादेशिक भर्ती के चलते बृहस्पतिवार को लोहाघाट, टनकपुर से पिथौरागढ़ के लिए कुल 16 बसों को पिथौरागढ़ भेजा गया। इसमें लोहाघाट से 11 तथा टनकपुर से पांच बसों को पिथौरागढ़ भेजा गया।
उन्होंने बताया कि बसों के पिथौरागढ़ जाने के चलते दिल्ली, गुरुग्राम, पांवटा साहिब, ऋषिकेश, बरेली, काशीपुर, हल्द्वानी, नैनीताल रूटों पर बसों का संचालन नहीं हो सका जबकि युवाओं के लिए एक बस को देहरादून भेजा गया।