मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। एनएसयूआई और छात्र संघ पदाधिकारियों ने महाविद्यालय की समस्याओं का समाधान करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री और उच्च शिक्षा मंत्री को ज्ञापन भेजा। उन्होंने समस्याओं का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
एनएसयूआई के ब्लॉक अध्यक्ष विक्रम दानू के नेतृत्व में छात्रों ने उपजिलाधिकारी आरसी गौतम को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने ज्ञापन में जुलाई से स्नातक स्तर पर बीएससी की कक्षाएं प्रारंभ करने, स्नातक स्तर पर कला वर्ग में संस्कृत, मनोविज्ञान, संगीत के साथ ही रोजगारपरक पाठ्यक्रम शुरू करने, स्नातकोत्तर स्तर पर भूगोल, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, समाज शास्त्र विषय प्रारंभ करने, छह माह से रिक्त प्राचार्य के पदा पर नियुक्ति करने, प्राध्यापकों के तीन पदों पर शीघ्र तैनाती करने की मांग उठाई है। कहा है कि सीमांत क्षेत्र में छात्र-छात्राओं को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने समस्याओं का समाधान नहीं होने पर चक्का जाम करने की भी चेतावनी दी है। ज्ञापन सौंपने वालों में छात्र संघ अध्यक्ष आन सिंह पंवार, छात्रा उपाध्यक्षा चंद्रकला त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष पूजा फर्स्वाण समेत कई छात्र-छात्राएं मौजूद रहीं।