पिथौरागढ़। निजी कंपनियों की संचार सेवा बाधित रहने से आक्रोशित सीमांत यूथ मोर्चा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि जनता को सुविधाएं नहीं दे सकते हो तो उनका रुपया वापस करो।
मोर्चा कार्यकर्ता जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र ग्वाल के नेतृत्व में नयाबाजार वार्ड में एकत्र हुए और निजी संचार कंपनियों के खिलाफ नारेबाजी की। कहा कि निजी दूरसंचार कंपनियां बात करने और नेट सेवा के लिए उपभोक्ताओं से रुपया लेती हैं। बावजूद इसके उपभोक्ताओं को अच्छी सेवा उपलब्ध नहीं कराई जा रही है।
कहा कि नेटवर्क नहीं होने से लोगों के जरूरी काम अटक जा रहे हैं। नेट बैंकिंग और ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन फार्म भी नहीं भरे जा रहे हैं। जिला सचिव कैलाश कठायत ने कहा कि यदि शीघ्र संचार सेवा दुरुस्त नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में प्रमोद कुमार, राहुल खत्री, विनय भाटिया, अजय लोहिया, अदनान, लक्ष्मण सिंह बिष्ट, नवीन, राकेश, अमित, पवन आदि थे।
मुनस्यारी की संचार सेवा दो जुलाई से बाधित
मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। बीएसएनएल की ओएफसी दो जुलाई को कटने से मुनस्यारी की दूरसंचार सेवा बाधित है। इससे तहसील के स्वान केंद्र के कार्य बाधित होने के साथ-साथ प्रमाण पत्र भी नहीं बन पा रहे हैं। बैंकिंग सेवा भी बुरी तरह बाधित है। ऑनलाइन होने वाले कई काम प्रभावित हो रहे हैं। स्वान केंद्र के नेटवर्क इंजीनियर गौरव कौशिक ने दूरभाष केंद्र मुनस्यारी को लिखित तौर पर अवगत कराया है। उन्होंने बताया कि 27 जुलाई को कुछ देर कनेक्टिविटी रही, लेकिन थोड़ी देर में ही बाधित हो गई थी। मुनस्यारी दूरभाष केंद्र के अभियंता दुष्यंत सिंह बृजवाल ने बताया कि गिरगांव और मुनस्यारी एक्सचेंज ठीक से कार्य नहीं कर रहे हैं, जिस कारण दिक्कत हुई है। जिसे ठीक कराने का प्रयास किया जा रहा है। जल्दी सेवा सुचारु हो जाएगी।