पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय के टकाना क्षेत्र में शुक्रवार को लोगों को नाममात्र का पानी मिला। आंवलाघाट योजना से अब भी पर्याप्त पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सामाजिक कार्यकर्ता जुगल किशोर पांडे ने बताया कि टकाना क्षेत्र में लोगों को शुक्रवार को मात्र दो-तीन बाल्टी मिला। घंटाकरण, खड़कोट क्षेत्र में शुक्रवार को और दिनों की अपेक्षा कुछ साफ पानी की सप्लाई हुई। पाइपों में जंग लगी होने के कारण लोगों को आंवलाघाट पेयजल योजना का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है।
योजना से पानी भी कम लिफ्ट हो रहा है। इसकी पुष्टि स्वयं जल संस्थान के अधिशासी अभियंता विशाल सक्सेना ने की। ईई ने बताया कि आंवलाघाट योजना से बृहस्पतिवार की शाम सात बजे तक 1.7 एमएलडी पानी मिल पाया। 2.9 एमएलडी पानी टैंकों में स्टोरेज था। किस योजना से कितना पानी मिला, इसका कोई जवाब ईई ने नहीं दिया।