अस्कोट (पिथौरागढ़)। राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा ने सोमवार को पंचेश्वर बांध डूब क्षेत्र के बगड़ीहाट, तितरी, सिलोनी, घिघरानी, द्वालीसेरा, सुनखोली, डोडा, रणवा, अमतड़ी गांवों का दौरा किया। इस दौरान सांसद टम्टा ने डूब क्षेत्र में आने वाले गांवों में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी।
डूब क्षेत्र के दौरे पर गए सांसद टम्टा ने भाजपा को विकास विरोधी बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार द्वारा गत वर्ष तल्लाबगड़ की गुर्जियागाड़ में आई आपदा के कारण ध्वस्त हुए कॉजवे का पुनर्निर्माण और तालेश्वर मोटर मार्ग से संपर्क मार्ग का काम रोककर विकास विरोधी होने का प्रमाण दिया है। उन्होंने कहा कि पंचेश्वर बांध से 134 प्रभावित गांवों के लिए केंद्र सरकार की कोई नीति नहीं है। बांध प्रभावित परिवारों की संख्या 32 हजार है, जबकि 13 सौ परिवारों को ही प्रभावितों में दिखाया गया है।
उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को राज्यसभा में उठाकर सभी प्रभावितों की पूर्ण रूप से मदद दी जाएगी। भ्रमण पर सांसद टम्टा के साथ गए कांग्रेस प्रदेश सचिव प्रदीप पाल ने कहा कि बांध बनने से पूर्व प्रभावितों के लिए जमीन, घर, कृषि भूमि, शिक्षा, चिकित्सा और रोजगार की व्यवस्था कराई जाए। भ्रमण में सामाजिक कार्यकर्ता दौलत पाल, तल्लाबगड़ के क्षेत्र पंचायत सदस्य त्रिलोक सिंह बिष्ट, आनंद बल्लभ ओझा, कमल दीप सिंह, मनी राम, बलवीर सिंह, नरेश राम, गंभीर चंद, तरुण पाल आदि शामिल थे।