पिथौरागढ़। देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिकों के लिए घनश्याम ओली चाइल्ड वेलफेयर सोसायटी में रहने वाले अनाथ बच्चों ने 1200 राखियां तैयार कर डाक के जरिए भेजी हैं। जम्मू-कश्मीर, कारगिल, राजस्थान, धारचूला बार्डर पर तैनात सैनिकों को यह राखियां सात अगस्त से पहले मिल जाएंगी। रक्षाबंधन का पर्व सात अगस्त को है। सोसायटी में रहने वाली बहनों ने बड़ी मेहनत से इन राखियों को तैयार किया है। इसके लिए सामग्री सोसायटी के संचालकों ने उपलब्ध कराई। बच्चों ने राखी को तैयार करते समय सैनिकों की खुशी, लंबी उम्र और खतरों से बचने की दुआ मांगी है।
सोसायटी के चेयरमैन अजय चंद्र ओली ने बताया कि सीमा पर तैनात जवान रक्षाबंधन के पर्व पर अपने घर नहीं आ सकते। ऐसे में उनको रक्षाबंधन की खुशी पहुंचाने के लिए यह प्रयास किया गया है। उन्होंने बताया कि बालिकाओं ने अपनी कला और प्रतिभा का बेहतर प्रयोग कर सुंदर राखी तैयार की हैं। इन राखियों को तैयार करने का काम एक हफ्ते से शुरू कर दिया गया था। अभी कुछ और राखी तैयार की जाएंगी। उनको सेना की हर यूनिट को डाक से भेजा जाएगा। राखी तैयार करने समय सोसायटी की सदस्य धनेश्वरी देवी, पूजा भट्ट, करुणा खर्कवाल, सपना सिंह, विमला, प्रेमा, लक्ष्मी, काजल, आरती, सृष्टि, संजना, सरिता, सरीफा, राजू, दीपक, राहुल, अमित, आयुष, विजय, कृष्णा, अर्जुन आदि ने सहयोग दिया।