पिथौरागढ़। नामिक के लोगों के चुनाव बहिष्कार के एलान के बाद बीते 28 मार्च को तहसीलदार के नेतृत्व में नामिक पहुंची टीम ने जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से वार्ता की। प्रशासन के आश्वासन पर लोग मतदान के लिए तैयार हो गए।
नामिक के लोगों ने संचार, सड़क, झूलापुल की मरम्मत आदि समस्याओं को लेकर 15 मार्च को जिला प्रशासन को सौंपे पत्र में चुनाव बहिष्कार करने का एलान किया था। मुख्य विकास अधिकारी/जिला नोडल अधिकारी स्वीप वंदना ने मुनस्यारी प्रशासन को प्रकरण में आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए थे। 28 मार्च को तहसीलदार ललित मोहन तिवारी ने राजस्व दल के साथ नामिक गांव जाकर लोगों से वार्ता की। कहा कि चुनाव बाद मांगों पर त्वरित कार्यवाही कराई जाएगी। तहसीलदार के आश्वासन पर लोग मतदान करने पर राजी हो गए।
जिलाधिकारी को भेजी गई तहसीलदार की जांच आख्या में कहा गया है कि नामिक में संचार की कोई व्यवस्था नहीं है। नामिक में लगा सेटेलाइट फोन खराब पड़ा है। नामिक के लिए बन रही सड़क निर्माण की गति धीमी है। नामिक को जोड़ने वाला एकमात्र झूलापुल खतरे की जद में आ गया है। कहा गया है कि नामिक के लोगों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए रोस्टर बनाकर शिविर लगाया जा सकता है। नामिक में स्वास्थ्य सु विधा नहीं है।