पिथौरागढ़। बारहमासी सड़क सीमांत के लोगों के लिए परेशानी की वजह बन गई है। मौसम साफ होने पर जहां सड़क पर धूल उड़ती रहती है, वहीं बारिश या पानी गिरने पर कीचड़ हो रहा है। इग्यारदेवी के पास इस कीचड़ में शनिवार को तीन बाइक सवार रपटकर घायल हो गए।
पिथौरागढ़ से घाट तक बारहमासी सड़क पर चौड़ीकरण का काम चल रहा है। सड़क कटिंग के मलबे से धूल की समस्या पैदा हो गई है, जबकि पानी वाले स्थानों पर यह धूल कीचड़ में तब्दील हो रही है। गुरना क्षेत्र के इग्यारदेवी में धूल की समस्या से निपटने के लिए सड़क पर डाला गया पानी कीचड़ में तब्दील हो गया।
इससे शनिवार को अलग-अलग तीन बाइक सवार सड़क पर फिसल गए। कीचड़ के कारण सड़क पर चलने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। उधर, घाट की ओर धूल की समस्या बनी है। धमौड़ से घाट तक के पूरे क्षेत्र में धूल से लोग परेशान हैं। कई स्थानों पर मलबा जमा होने से वाहन संचालन में काफी परेशानी हो रही है।