कनालीछीना (पिथौरागढ़)। डीडीहाट के पथरौली में नव विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर मृतका के पिता ने सोमवार को डीएम कार्यालय का घेराव करने की चेतावनी दी है। यह मामला डीएम सी रविशंकर ने राजस्व पुलिस से हटाकर रेगूलर पुलिस को सौंप दिया है।
कनालीछीना के गोवत्सा निवासी बहादुर सिंह की पुत्री पूजा का विवाह 7 मई को डीडीहाट के पथरौली निवासी दिगंबर सिंह के साथ हुआ। 24 मई को पूजा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पूजा के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया था। डीएम के हस्तक्षेप के बाद राजस्व पुलिस में मुकदमा दर्ज हुआ। पूजा के पिता ने उसके पति दिगंबर के साथ ही सास और ननद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
पूजा के पिता का कहना है कि अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई है। अगर रविवार तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो सोमवार गांव के लोगों के साथ डीएम कार्यालय का घेराव किया जाएगा। उधर, सिंघाली के राजस्व उप निरीक्षक सूर्य प्रकाश पांडे ने बताया कि इस मामले में दहेज हत्या की धारा 304 बी आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। शुक्रवार को डीएम ने मामला रेगूलर पुलिस को हस्तांतरित कर दिया है। अब मामले में रेगूलर पुलिस कार्रवाई करेगी।