पिथौरागढ़। मुनस्यारी तहसील के गैला गांव में ग्राम पंचायत की खुली बैठक के दौरान एक नवंबर को एक ग्रामीण के साथ मारपीट करने वाले शिक्षक के खिलाफ अब तक कार्रवाई न होने से लोगों में गुस्सा है। इस बाबत उन्होंने बृहस्पतिवार को डीएम को ज्ञापन दिया। डीएम सी रविशंकर ने पुलिस को निर्देश दिए हैं कि इस मामले में शीघ्र कार्रवाई की जाए। आरोपी शिक्षक प्रधान का पति है।
गैला गांव निवासी लक्ष्मण सिंह झेक्वान ने डीएम को बताया कि राजकीय प्राथमिक स्कूल गैला में कार्यरत शिक्षक देवेंद्र सोरागी अपनी प्रधान पत्नी के सभी कामों में दखल देता है। एक नवंबर को ग्राम विकास अधिकारी की मौजूदगी में हुई खुली बैठक में जब ग्रामीणों ने प्रधान के बैठक से उपस्थित नहीं रहने का कारण जानना चाहा तो उनके पति देवेंद्र सोरागी गुस्से में आ गए। देवेंद्र ने लक्ष्मण सिंह के साथ मारपीट कर दी।
इस घटना की उसी दिन मुनस्यारी थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई थी। अब तक इस मामले में कार्रवाई न होने से नाराज क्षेत्र के लोगों ने एनएसयूआई ब्लॉक अध्यक्ष विक्रम सिंह दानू के नेतृत्व में डीएम को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में कहा गया है कि यदि 24 घंटे के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई तो गांव के लोग आंदोलन करेंगे। ज्ञापन देने वालों में आशीष सुरकाली, नीरज मेहता, संतोष गुप्ता, राजेंद्र सिंह, पीड़ित लक्ष्मण सिंह शामिल थे।