डीडीहाट (पिथौरागढ़)। वर्ष 2001 के बाद नियुक्त प्राथमिक शिक्षकों के लिए डीएलएड प्रशिक्षण की अनिवार्यता संबंधी सरकार के आदेश का शिक्षकों ने विरोध किया है। कहा कि कोई भी शिक्षक इस प्रशिक्षण के लिए अपना नामांकन नहीं करेगा। प्राथमिक शिक्षक संघ की बृहस्पतिवार को यहां हुई बैठक में कहा गया कि सरकार इस प्रशिक्षण को जबर्दस्ती थोपने का प्रयास कर रही है।
राजकीय इंटर कॉलेज के सभागार में आयोजित शैक्षिक उन्नयन गोष्ठी में प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष अशोक खड़ायत ने कहा कि शिक्षा विभाग का यह आदेश किसी भी शिक्षक को मान्य नहीं होगा। 2001 के बाद नियुक्त शिक्षकों को अब जाकर अप्रशिक्षित मानने का कोई तुक समझ में नहीं आता, जबकि सभी शिक्षक प्रशिक्षण ग्रेड प्राप्त कर रहे हैं।
प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष जितेंद्र वल्दिया ने विकासखंड के किसी भी शिक्षक से इन प्रशिक्षण के लिए नामांकन न करने की अपील की है। वहीं, शैक्षिक उन्नयन गोष्ठी का शुभारंभ करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष कविंद्र साही ने सरकारी स्कूलों से गिर रही छात्र संख्या पर चिंता जताई। ब्लॉक प्रमुख जैयंती देवी ने शिक्षकों को बच्चों के भविष्य की कुंजी बताया। इस दौरान भाजपा के जिला उपाध्यक्ष लोकेश भड़, जेपी आर्या, हरीश भट्ट, ललित बसेड़ा, बलवंत कन्याल, दीपेश बृजवाल, मीना डसीला, उषा टोलिया आदि मौजूद थे।