बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। बेड़ीनाग नगर पंचायत के विकास के लिए आयोजित सर्वदलीय बैठक में जनप्रतिनिधियों ने बेबाकी से अपने सुझाव दिए और समस्याएं बताई। चर्चा के दौरान बेड़ीनाग में स्वच्छता, सीवर, रास्ते, स्ट्रीट लाइट, बंदरों का आतंक, अतिक्रमण आदि मुद्दों के अतिरिक्त बेड़ीनाग की भूमि विवाद का समाधान और नगर पंचायत के ग्रामीण परिवेश वाले वार्डों की उपेक्षा का मुद्दा उठा।
बृहस्पतिवार को हुई बैठक की अध्यक्षता करते हुए विधायक मीना गंगोला ने बताया कि बेड़ीनाग और गंगोलीहाट नगर पंचायतों को आदर्श नगर पंचायत बनाने की कार्ययोजना पर काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि यहां की जमीन पर लोगों को मालिकाना हक दिलाने का मुद्दा मुख्यमंत्री के सामने रखा गया है। इस पर जल्द कार्रवाई होगी। लोगों ने नगर पंचायत के ग्रामीण परिवेश वाले वार्डों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए बताया कि नगर पंचायत के गठन के साढ़े तीन साल बाद भी यहां कोई कार्य नहीं हुए हैं।
विधायक ने ईओ को सभी वार्डों में नागरिकों की समिति बना कर प्रस्ताव मांगने के लिए निर्देशित किया। लोगों ने निर्माणाधीन सड़कों पर अतिक्रमण का मामला उठाया। विधायक ने नगर पंचायत के ईओ से कहा कि पुराने अधूरे पड़े कार्यों को जल्द पूरा कराएं अन्यथा कार्यादेशों को निरस्त करें। बैठक में जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष दलबहादुर बाफिला, भाजपा नेता महेश पंत, विक्रम धानिक, दीपक धानिक, कांग्रेस नेता देव सिंह गैड़ा, नरेंद्र धानिक, हेम पंत, मंजू बाफिला, चारू पंत, पंचम डिगारी, तहसीलदार रघुवीर सिंह, नगर पंचायत के ईओ कवींद्र सुयाल आदि मौजूद थे।