पिथौरागढ़। कर्ज माफ करने समेत कई मुद्दों को लेकर किसान संगठन का क्रमिक अनशन रविवार को 13वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री जगत सिंह खाती समेत कई लोगों ने किसानों के आंदोलन को समर्थन दिया है।
मांगों को लेकर किसानों ने अनशन स्थल पर केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। किसान संगठन ने 14 अगस्त को जिले के दौरे पर आ रहे कृषि मंत्री के विरोध कार्यक्रम में जिलेभर से किसानों को बुलाने का निर्णय लिया है। किसान संगठन अध्यक्ष सुभाष जोशी ने चंपावत किसान संगठन के अध्यक्ष नवीन कठायत से हुई वार्ता का हवाला देते हुए कहा कि मंत्री के विरोध कार्यक्रम में चंपावत से भी किसान पहुंचेंगे।
किसान संगठन के मुख्य संरक्षक शंकर राम कोहली, संगठन मंत्री जगदीश प्रसाद ने कहा कि मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। अनशन स्थल पर हुई सभा में कांग्रेस प्रदेश महामंत्री जगत सिंह खाती ने केंद्र और राज्य सरकार पर किसानों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। रविवार को गोपाल सिंह नेगी, प्रकाश राम, मनोज कुमार, जगदीश प्रसाद क्रमिक अनशन पर बैठे हैं।