पिथौरागढ़। जिलाधिकारी सी रविशंकर ने जिले के घटते लिंगानुपात पर लगाम कसने के लिए प्रभावी कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। डीएम ने जिले के सभी अल्ट्रासाउंड केंद्रों में एक माह के भीतर ट्रैकिंग डिवाइस और अल्ट्रासाउंड कक्ष में सीसीटीवी लगाने के निर्देश मुख्य चिकित्साधिकारी डा. ऊषा गुंज्याल को दिए हैं।
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में समाज में महिलाओं को आगे लाने, सामाजिक भेदभाव मिटाने के संबंध में चर्चा की गई। जिला कार्यक्रम अधिकारी मुकुल चौधरी ने लिंगानुपात सुधारने के लिए चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने घटते लिंगानुपात पर चिंता जताई।
साथ ही आंगनबाड़ी, आशा वर्करों, एएनएम के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। कहा कि बुजुर्ग महिला एवं पुरुषों को अधिक जागरूक और शिक्षित करने की जरूरत है। डीएम ने कहा गंगोलीहाट, मूनाकोट, कनालीछीना विकासखंडों में लिंगानुपात कम है। वहां विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस काम में युवक मंगल दल, महिला मंगल दल, स्वयंसेवी संस्थाओं का सहयोग लिया जाएगा।
एसडीएम वैभव गुप्ता ने बताया कि लड़कियों को सामाजिक सुरक्षा देने के लिए पुलिस थाने, चौकियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 1098 शुरू किया गया है। मुख्य विकास अधिकारी आशीष चौहान ने मुख्य शिक्षाधिकारी जीपी कोहली को प्रत्येक गांव में बेटियों के संरक्षण के लिए अभियान चलाने वाली 5-5 आदर्श महिलाओं को चिन्हित करने के निर्देश दिए। अर्पण संस्था की सचिव रेनू ठाकुर ने अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर औचक छापे मारने पर जोर दिया।