मुनस्यारी में शनिवार को हुए हिमपात का नजारा। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : PITHORAGARH
शनिवार को एक बार फिर सीमांत जिले में मौसम खराब हो गया। मुनस्यारी में सीजन की 15वीं बर्फबारी हुई है। मुनस्यारी से कालामुनि तक का 20 किमी की हिस्सा बर्फ से पट गया है।
कनालीछीना क्षेत्र में भी जमकर बर्फ गिरी। बर्फबारी से मुनस्यारी का तापमान शून्य से नीचे चला गया है। मुनस्यारी में शनिवार को न्यूनतम तापमान माइनस 2 और अधिकतम तापमान 5 डिग्री था। जिला मुख्यालय में न्यूनतम तापमान 1.9 और अधिकतम तापमान 10.8 रिकार्ड किया गया।
मुनस्यारी में सुबह से ही मौसम खराब हो गया था। दोपहर बाद ऊंची चोटियों के साथ ही निचले इलाकों में बर्फबारी शुरू हो गई। शाम साढे़ पांच बजे तक भी बर्फ गिरती रही। मुनस्यारी बाजार में आधा फीट बर्फ पड़ चुकी थी। नई बस्ती में एक फीट, बलाती, बेटुलीधार में ढाई फीट, कालामुनि तीन फीट बर्फ गिर चुकी थी। शाम तक बर्फ गिरने का सिलसिला जारी था। कनालीछीना के सतगड़ समेत तमाम इलाकों में बर्फ गिरी।
जिला मुख्यालय के साथ ही घाटी वाले इलाके नाचनी में भी हिमकण गिरे। कई जगह बारिश हुई। बर्फबारी और बारिश के कारण जिलेभर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
मुनस्यारी सड़क पांचवें दिन भी बंद, नारायण आश्रम सड़क भी बंद
बर्फबारी के कारण मंगलवार से बंद थल-मुनस्यारी सड़क के शनिवार को खुलने की संभावना थी। केवल पांच किमी हिस्से से बर्फ हटाई जानी थी लेकिन शनिवार की बर्फबारी से मुनस्यारी से कालामुनि तक 20 किमी हिस्सा बर्फ से पट गया। धारचूला से मिली जानकारी के अनुसार तवाघाट-नारायण आश्रम मार्ग बर्फ के कारण बंद हो गया है।