कनालीछीना (पिथौरागढ़)। विकास खंड के तल्ली चर्मा क्षेत्र के ग्राम अमकोट में एक महिला पशुओं के लिए चारा काटने के दौरान पेड़ से गिर कर घायल हो गई। ग्रामीण घायल महिला को डोली में चार किमी सड़क तक लाए। वहां से उन्हें उपचार के लिए वाहन से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
अमकोट निवासी सावित्री देवी (50) पत्नी जमन सिंह पशुओं के लिए चारा काटने को पेड़ पर चढ़ी थीं। इसी बीच पांव फिसलने से वे पेड़ से गिर कर घायल हो गईं। सड़क नहीं होने के चलते ग्रामीण उन्हें डोली में चार किमी दूर ख्वांकोट तक लाए। वहां से उन्हें जीप से 15 किमी दूर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लाकर भर्ती किया गया। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता हरीश पोखरिया ने बताया कि बगना-शक्तिपुर-अमकोट सड़क का कार्य टेंडर लगने के बावजूद पांच वर्ष से अधूरा पड़ा है। इससे ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेज सड़क का कार्य शीघ्र पूरा कराए जाने की मांग की है।