झूलाघाट(पिथौरागढ़)। एससी आयोग के अध्यक्ष डीआर आर्या ने शिविर लगाकर अनुसूचित जाति के लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने रोजगार के साथ ही आवास हेतु भवन निर्माण के लिए सरकार से मदद दिलाए जाने की मांग उठाई।
एससी आयोग के अध्यक्ष शनिवार को झूलाघाट दौरे पर आए। ग्राम प्रधान सुरेंद्र आर्या के नेतृत्व में लोगों ने उनका स्वागत किया। लोनिवि विश्राम गृह में उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनी। शिविर में किशोर कुमार ने अनुसूचित जाति के लोगों की समस्याओं को उनके समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि आज भी लोग किराए के भवनों और झोपड़ पट्टी में रह रहे हैं। भूमि नहीं होने से वे अपना भवन नहीं बना पा रहे हैं।
उन्होंने सरकार से सभी लोगों को जमीन उपलब्ध कराने की मांग की। लोगों का कहना था कि जमीन नहीं होने से उनके आय, जाति, और स्थायी निवास प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहे हैं। अनुसूचित बस्ती में आज भी रास्ते बदहाल हैं। पेयजल संकट के साथ ही क्षेत्र के लोग संचार से भी विहीन हैं। अध्यक्ष ने अधिकारियों को समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका समाधान करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी कवींद्र रावत, आयोग के विधि सहायक देव सिंह, मनीष सेमवाल, पीडब्लूडी के एलपी जोशी, लक्ष्मण सिंह मनौला, किशन राम, एसओ महेश चंद्र, एसआई कंचन पड़लिया, पशु चिकित्साधिकारी सौरभ भट्ट, जल संस्थान के एमएस रावत, डॉ. कल्पित रौतेला, डॉ. सचिन प्रकाश, राजस्व उप निरीक्षक पुष्पा कोहली, नीरज सिंह महर, सुदर्शन सिंह कठायत, भगवत पंत, मोहन सिंह, पंकज पंत, नताशा जोशी आदि मौजूद रहे। ब्यूरो