कनालीछीना (पिथौरागढ़)। पोस्ट ऑफिस में नेटवर्क नहीं होने से खाताधारक और एजेंट परेशान हैं। उन्हें छोटे-छोटे कार्यों के लिए जिला मुख्यालय स्थित मुख्य डाकघर के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। इसमें उनका धन और समय अनावश्यक बर्बाद हो रहा है। खाताधारकों और एजेंटों ने डाक अधीक्षक को पत्र भेज शीघ्र पोस्ट ऑफिस में संचार की सुविधा दिलाने की मांग उठाई है।
कनालीछीना पोस्ट ऑफिस से क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक सब पोस्ट ऑफिस के करीब पांच हजार खाताधारक जुड़े हुए हैं। इनमें ख्वांकोट, ख्वातड़ी, डुंगरी, ड्योड़ा, बिसोनाखान, बंदरलीमा, हचीला, मलान, छड़नदेव, मातोली, पीपली आदि शामिल हैं। इन सब पोस्ट ऑफिसों का कार्य कनालीछीना पोस्ट ऑफिस से ही होता है। आरडी, एनएससी, केवी, भुगतान, चालू खाता आदि के लिए खाताधारकों और एजेंटों को मुख्य डाकघर के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। कुछ दिनों पूर्व डाक विभाग की ओर से दूरसंचार अधिकारियों को नेटवर्क की समस्या के समाधान के लिए बुलाया गया।
बीएसएनएल अधिकारियों ने 4 जी का डोंगल और ब्राडबैंड लगाने को कहा लेकिन अब तक नेटवर्क सुधारने के लिए इन्हें नहीं लगाया गया है। इसके चलते खाताधारकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खाताधारक हरीश पोखरिया, गोविंद दिगारी, अनीता भंडारी, मनोहर मुनौला, चतुर सिंह सामंत, भगवान सिंह आदि ने डाक अधीक्षक को पत्र भेज समस्या का समाधान किए जाने की मांग की है। इधर पोस्टमास्टर नवीन पांडेय ने बताया कि नेटवर्क के संबंध में पिछले तीन वर्षों में कई बार विभाग को लिखित रुप में सूचना दी है, लेकिन अभी कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है।