पिथौरागढ़। कुत्तों के झुंड ने जाखनी में गाय के बछड़े को जिंदा ही खा दिया। इस तरह की कई घटनाओं के बावजूद कुत्तों के आतंक से निजात नहीं दिलाने से लोगों में भय व्याप्त है।
पिथौरागढ़ शहर में लावारिस कुत्तों की समस्या बढ़ती जा रही है। पिछले सप्ताह सरस्वती विहार कॉलोनी में कुत्तों के झुंड ने एक गाय पर हमला कर उसे मार दिया था। शुक्रवार को कुत्तों के झुंड ने जाखनी पवन विहार कॉलोनी में एक बछड़े को जिंदा खा दिया।
मवेशी के शेष अवशेष आबादी में ही पड़े हैं। इससे तीव्र दुर्गंध आ रही है। लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जाखनी निवासी फारिया मलिक ने बताया कि कुत्तों के झुंड रात में सड़कों में लावारिस छोड़े गए मवेशियों को जिंदा खा रहे हैं। बच्चों पर भी हमले का खतरा बना हुआ है। कुत्तों के झुंडों के चलते रास्तों में सुरक्षित चलना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने नगरपालिका प्रशासन से खूंखार हो चुके कुत्तों की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।