नाचनी (पिथौरागढ़)। डीडीहाट से बिर्थी फॉल घूमने आए पांच युवकों में से एक युवक भुजगड़ नदी में नहाते समय डूब गया। साथियों ने बेहोशी की हालत में उसे नदी से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर स्थानीय लोग डॉ. हरीश धर्मशक्तू को साथ लेकर घटना स्थल पर पहुंचे। चिकित्सक की सलाह पर साथी उसे गंभीर हालत में हायर सेंटर गौचर थल ले गए जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सभी युवक डीडीहाट के रहने वाले है।
घटनाक्रम के अनुसार बिर्थी फॉल से लौटते वक्त सभी युवक चार बजे नाचनी पहुंच बांसबगड़ रोड पर दुर्गा मंदिर के पास भुजगड़ नदी में नहाने लगे।
इसी दौरान उनका एक साथी चंदन सिंह चुफाल पुत्र शेर सिंह करीब 31 फुट गहरे तालाब में डूब गया। उसके साथियों दीपू चुफाल और भूपेंद्र बथियाल ने उसे किसी तरह बाहर निकाल अस्पताल पहुंचाया। वहां से साथी दीपक ने फोन पर बताया कि गौचर में चिकित्सक ने चंदन को मृत घोषित कर दिया। घटना से पूर्व वहां से गुजर रहे टेलर मास्टर रणजीत राम ने बताया कि युवक कुछ देर पहले नदी में सेल्फी लेते हुए मस्ती कर रहे थे।