पिथौरागढ़। रविवार को जिलाधिकारी डा.विजय कुमार जोगदंडे ने मानसून काल को देखते हुए जनपद स्तर पर की जा रही तैयारियों के संबंध में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर समीक्षा की। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को किसी भी प्रकार की आपदा से निपटने के लिए तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि पिथौरागढ़ जिला एक संवेदनशील जिला है। सभी विभाग सचेत रह कर कार्य करें। उन्होंने संवेदनशील सड़क मार्गों में जेसीबी, पोकलैंड मशीन तैनात करने, मुनस्यारी, धारचूला में एक-एक कंट्रोल रूम खोलकर 24 घंटे विभिन्न विभागों के कार्मिकों को तैनात करने को कहा। आपदा प्रभावित क्षेत्रों में बेहतर संचार व्यवस्था के लिए पुलिस को वायरलैस सिस्टम को दूरस्थ रखने और उपकरणों की अतिरिक्त आवश्यकता की मांग शीघ्र करने को कहा। उन्होंने एनएच के अधिकारियों को आपदा के दृष्टिगत एक कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने और धमोड़ से आगे नाले में डाले गए मलबे को दस दिन के भीतर हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने बरसात के दौरान जिले की दूरस्थ क्षेत्रों में अभी से नवंबर तक का खाद्यान्न का स्टॉक रखने को कहा। जिला पूर्ति अधिकारी मनोज वर्मन ने बताया कि जिले में दूरस्थ क्षेत्रों के छह खाद्यान्न गोदामों खाद्यान्न भेजा जा रहा है। जिलाधिकारी ने आपदा से क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन को तत्काल सुधारने के लिए स्टॉक रखने, चिकित्सा विभाग को सभी चिकित्सालयों और उप केन्द्रों में आवश्यकता अनुसार पर्याप्त दवा का स्टाक रखने को कहा।