पिथौरागढ़। पहाड़ में आय का जरिया न होने की बात कहने वालों को सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर केशव दत्त ने सब्जी उत्पादन के जरिए जवाब दिया है। इस सीजन में वो सब्जी उत्पादन से ही करीब दो लाख रुपये की अतिरिक्त आय कर सकते हैं।
जिला मुख्यालय के निकट धनौड़ा निवासी केशव दत्त मखौलिया 2011 में सेना से सेवानिवृत्त हुए। पहले छोटे स्तर पर सब्जी उत्पादन शुरू किया। वर्ष 2018 में उन्होंने इसका विस्तार किया।
पिछले वर्ष अक्टूबर में पॉलीहाउस लगाया। वर्तमान में उनके पॉलीहाउस में करीब दो कुंटल अमृतसरी छुआरा टमाटर, शिमला मिर्च, बैंगन, पत्ता गोभी, बींस, खीरा आदि का उत्पादन हुआ। उन्होंने यहां तेजपत्ता, आंवला और आड़ू के 25 पौधे भी लगाए और साढ़े तीन नाली जमीन में पत्ता गोभी का उत्पादन किया। डीआरडीओ (डिबेर) के वैज्ञानिकों ने उन्हें उन्नत किस्म के बीज और तकनीक उपलब्ध कराई। मखौलिया के बेटे मनीष ने भी पिता का हाथ बंटाया।
उन्होंने अपनी नाम और वन पंचायत की भूमि में करीब दो हजार पेड़ बांज और देवदार के लगाए हैं। मुख्य उद्यान अधिकारी डॉ. मीनाक्षी जोशी का कहना है कि मखौलिया ने खासी मेहनत की । उन्होंने खुद पॉलीहाउस और उससे बाहर उगाई सब्जियों का निरीक्षण किया था।