पिथौरागढ़। नाचनी के खेत भराड़ क्षेत्र में अवैध रूप से चल रहे शराब के कारोबार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। महिला मंगल दल ने दुकानों में घुसकर शराब की बोतलों को कब्जे में लेने के बाद नष्ट किया। इस कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा।
बुधवार को महिला मंगल दल और स्वयं सेवी समूह की दर्जनों महिलाओं ने क्षेत्र की दुकानों में जाकर अवैध रूप से रखी गई शराब की बोतलों को कब्जे में ले लिया। इस दौरान महिलाओं में काफी आक्रोश व्याप्त था। महिलाओं का कहना था कि दुकानों और चाय के रेस्टोरेंटों में अवैध तरीके से शराब पिलाई जा रही है। शराब के कारण क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। मजदूर वर्ग के लोग अपनी मेहनत की कमाई शराब में लुटा रहे हैं। हर समय शराबियों का आतंक बना रहता है। शराबियों के चलते महिलाओं को तमाम असुविधाओं का सामना करना पड़ता है। महिलाओं ने शराब की बोतलों को नष्ट करने के बाद दुकानदारों को दुबारा शराब न पिलाने की हिदायत दी। महिलाओं ने कहा कि इस तरह से शराब बेचने वाले दुकानदारों को बिच्छू घास लगाया जाएगा।