मुनस्यारी(पिथौरागढ़)। मुनस्यारी के उपजिलाधिकारी और आईटीबीपी के अधिकारियों ने भारत-चीन सीमा से लगे दूरस्थ गांवों का निरीक्षण किया।
इस दौरान अधिकारियों ने गांवों में हो रहे विकास कार्य भी देखे। एसडीएम ने मुनस्यारी-मिलम मार्ग की बदहाली पर नाराजगी जताते हुए बीआरओ को सड़क का सुधार करने के निर्देश दिए।
रविवार को एसडीएम केएन गोस्वामी और आईटीबीपी अधिकारी महेश जोशी ने लिलम, साइपोलु, पातो और बुई गांव का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने निर्माणाधीन मुनस्यारी मिलम मार्ग से निकलने वाले मलबे को पैदल मार्गों पर डालने की शिकायत की। ग्रामीणों ने कहा कि मार्ग पर मलबा होने से आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर उपजिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए बीआरओ को पैदल मार्ग से मलबा हटाने को कहा।