मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। बिर्थी में 33 केवी विद्युत लाइन का तार टूटने से रविवार को समूचा क्षेत्र रात भर अंधेरे में डूबा रहा। सोमवार को विद्युत विभाग की टीम ने क्षतिग्रस्त तार को ठीक किया।
रविवार रात आठ बजे बिर्थी में स्पार्किंग के चलते तार टूट कर गिर गया। इससे नाचनी से लेकर मदकोट तक के करीब 50 गांवों की 20 हजार से अधिक की आबादी ने अंधेरे में रात गुजारी। करनाल के पर्यटक सुमित चौधरी का कहना था कि बगैर बिजली के काफी दिक्कतों का समाना करना पड़ा। विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता अमित कटारिया ने बताया कि मुनस्यारी से टीम को फाल्ट ढूंढने के लिए भेजा गया। उन्होंने बताया कि बिर्थी में टूटे तार को सोमवार दोपहर एक बजे तक ठीक कर लिया गया है।
तार में स्पार्किंग से जला घास का लुट्टा
पिथौरागढ़। गुरना में स्पार्किंग की चिंगारी से घास का लुट्टा जल गया। साथ ही कुछ लोगों के टीवी फुंक गए। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता बसंत बल्लभ भट्ट ने बताया कि विद्युत विभाग ने दो माह पहले 200 मीटर केबल बिछाई थी।
केबल में सोमवार की दोपहर में आग लग। इससे निकली चिंगारी से देवेंद्र कुमार भट्ट का घास का लुट्टा जल गया। इसके अलावा बसंत बल्लभ, सुरेश भट्ट, जानकी देवी समेत पांच लोगों के टीवी फुंक गए और बल्ब भी फ्यूज हो गए। उन्होंने विद्युत विभाग से नुकसान की भरपाई किए जाने की मांग की है।