पिथौरागढ़। निर्वाचन आयोग की ओर से लोकसभा चुनाव को निष्पक्षता पूर्वक संपन्न कराने के लिए पहली बार ‘सी-विजिल एप’ तैयार किया गया है। इसकी मदद से कोई भी मतदाता आदर्श आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत कर सकेगा।
लोकसभा चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्वक संपन्न कराने, निर्वाचन व्यय पर निगरानी के लिए जिले में विभिन्न टीमों का गठन किया गया है। चारों विधानसभा क्षेत्रों के लिए 24 उड़न दस्ता टीम बनाई गई हैं। प्रत्येक टीम में एक प्रशासनिक, एक पुलिस अधिकारी समेत कुल पांच सदस्य हैं।
सभी टीमों के सदस्यों को बुधवार को जिला कार्यालय सभागार में सी-विजिल एप का प्रशिक्षण दिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शिता, निष्पक्ष तथा शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराना सभी की जिम्मेदारी है। मास्टर ट्रेनर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी रविंद्र जोशी ने सी विजिल एप के लिए एक कैमरा, नेट कनेक्शन और जीपीएस युक्त एंड्रायड स्मार्ट फोन जरूरी होगा। इस मौके पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी आरडी पालीवाल, मुख्य कोषाधिकारी डॉ. पंकज कुमार शुक्ला, संयुक्त मजिस्ट्रेट वरुण चौधरी, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर दिनेश वर्मा समेत उड़न दस्ता टीम के प्रभारी मौजूद रहे।
शिकायतकर्ता को बनाना होगा वीडियो
पिथौरागढ़। सूचना विज्ञान अधिकारी रविंद्र जोशी ने सी-विजिल एप में शिकायत करने के बारे में बताया। आदर्श आचार संहिता उल्लंघन की घटना का एक फोटो या वीडियो बनाना होगा। उसे संक्षिप्त विवरण के साथ मोबाइल एप्लीकेशन सी-विजिल एप के माध्यम से अपलोड करना होगा।
अपलोड के बाद पांच मिनट में जिला कांट्रैक्ट सेंटर संबंधित क्षेत्र की उड़न दस्ता टीम को ऑनलाइन शिकायत भेजेगी। दस्ता टीम 45 मिनट में जांच करेगी। संबंधित सहायक रिटर्निंग अधिकारी की ओर से 50 मिनट के भीतर आवश्यक कार्रवाई करनी होगी। एप के माध्यम से प्राप्त प्रत्येक शिकायत की मॉनिटरिंग जिला निर्वाचन अधिकारी, संबंधित संसदीय क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी, राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी तथा भारत निर्वाचन आयोग स्तर पर की जाएगी। ब्यूरो