गणाईगंगोली (पिथौरागढ़)। राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज गणाईगंगोली में तैनात पांच संविदा शिक्षकों के हटने से कॉलेज की पढ़ाई में व्यवधान आ गया है। पॉलीटेक्निक के विद्यार्थियों ने संविदा शिक्षकों को हटाने के विरोध में प्रदर्शन कर नाराजगी जताई।
कॉलेज परिसर में एकत्र विद्यार्थियों ने कहा कि शिक्षकों की कमी झेल रहे कॉलेज में पांच संविदा प्रवक्ता पढ़ाई करा रहे थे। तकनीकी शिक्षा विभाग ने हाल में संविदा शिक्षकों को हटा दिया है। संविदा शिक्षकों के हटने से पॉलीटेक्निक कॉलेज में पढ़ाई प्रभावित हो गई है। कहा कि बगैर शिक्षकों की व्यवस्था किए संविदा शिक्षकों को हटाने के निर्णय को कतई उचित नहीं ठहराया जा सकता।
विद्यार्थियों ने कहा कि कॉलेज में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए जनप्रतिनिधियों और सरकार को आवश्यक कदम उठाने चाहिए। छात्रों ने एक स्वर से कहा कि यदि कॉलेज में शिक्षकों की तैनाती नहीं की गई तो आंदोलन छेड़ दिया जाएगा। इसकी सारी जिम्मेदारी तकनीकी शिक्षा विभाग और सरकार की होगी। प्रदर्शन में कॉलेज के तमाम छात्र शामिल थे।