पिथौरागढ़। आपदा प्रभावित बंगापानी तहसील में बहुउद्देश्यीय शिविर लगाने की मांग को लेकर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने डीएम को ज्ञापन सौंपा। एनएसयूआई के मुनस्यारी ब्लॉक अध्यक्ष विक्रम दानू के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने डीएम से कहा कि आपदा के कारण बंगापानी तहसील क्षेत्र में काफी क्षति हुई थी। यहां का मोटर मार्ग खस्ताहाल हो गया है।
इससे क्षेत्रवासियों को आवागमन में काफी दिक्कतें हो रही हैं। इस समस्या को देखते हुए बंगापानी में बहुउद्देश्यीय शिविर लगाया जाए, जिसमें विकलांग, विधवा पेंशन, जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड सुधार आदि का लाभ जनता को मिल सके। ज्ञापन सौंपने वालों में प्रकाश सिंह, विरेंद्र कठायत, विक्की बिष्ट, डिगर सिंह, राजेंद्र सिंह, कवींद्र सिंह, गोकुल सिंह, सुंदर सिंह, चरण सिंह, विक्रम, खगेंद्र, दुर्गा, विरेंद्र, ईश्वर आदि शामिल थे। डीएम ने शिविर शीघ्र लगाने का आश्वासन दिया।