डीडीहाट (पिथौरागढ़) कैलाश मानसरोवर यात्रा के पहले दल के यात्री चीन के कुंगू में मानसरोवर की परिक्रमा पर हैं। दूसरे दल के यात्री दार्चिन पहुंच गए हैं। तीसरा यात्री दल कालापानी पहुंच गया है। तीसरे दल के यात्रियों का कालापानी रवाना होने से पूर्व स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसमें सभी यात्री स्वस्थ पाए गए। चौथे दल के यात्री मंगलवार को पिथौरागढ़ से हेलीकॉप्टरों से गुंजी पहुंच गए हैं। आईटीबीपी सातवीं वाहिनी मिर्थी के कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार पहले दल के यात्री कुंगू में मानसरोवर की परिक्रमा में जुटे हैं। दूसरे दल के 56 यात्री दार्चिन में हैं। बुधवार को यात्री डेरापुक को रवाना होंगे। तीसरे दल के यात्री तड़के गुंजी से रवाना होकर कालापानी पहुंच गए हैं। यात्रियों के साथ आईटीबीपी की महिला और पुरुष कमांडो, चिकित्सा और संचार टीम भी है। यह टीम यात्रियों को सुरक्षित लिपुपास पहुंचाकर उन्हें चीनी सुरक्षा एजेंसियों के सुपुर्द करेगी। उच्च हिमालयी क्षेत्र गुंजी से कालापानी, नाभीढांग और लिपुपास तक यात्रियों की सुरक्षा और उनके स्वास्थ्य की देखभाल का जिम्मा आईटीबीपी के पास रहता है। चौथे दल के यात्री केएमवीएन के पर्यटक आवास गृह से सुबह पांच बजे नैनीसैनी हवाई पट्टी पहुंच गए। सुबह मौसम खराब होने के चलते यात्रियों को कुछ देर हवाई पट्टी पर इंतजार करना पड़ा।